दीपक बाली ने नगर निगम मेयर पर ट्रंचिंग ग्राउंड के नाम पर लगाये करोड़ों के घोटाले के आरोप

ख़बर शेयर करें -

काशीपुर – (सुनील शर्मा) काशीपुर में आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष ने काशीपुर नगर निगम की महापौर ऊषा चौधरी पर ट्रंचिंग ग्राऊंड की प्रस्तावित जमीन पर एक बड़े घोटाले का आरोप लगाया और इस घोटाले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। आप नेता दीपक बाली ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर से 13 किमी दूर बनाये जा रहे ट्रंचिंग ग्राउंड में करोड़ों का घोटाला किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर के कूड़ा निस्तारण के लिए एक समाजसेवी द्वारा शहर से 13 किमी दूर ग्राम ढकियाकला में अपनी 10.573 एकड़ जमीन ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए बिना कोई पैसे लिये दी गई है। लेकिन इस फ्री की जमीन को नगर निगम को देने के बाद असली खेल अब शुरु हुआ और जमीन मालिक ने जिलाधिकारी कार्यालय जमीन में ट्रंचिंग ग्राउंड निर्माण किये जाने के कारण इसमें से 3 लाख 68 हजार 640 घन मीटर उपखनिज की जरूरत बताते हुए खनन की इजाजत मांगी। जिसमें नगर निगम द्वारा अनुमोदित ट्रंचिंग ग्राउंड के प्रस्ताव का जिक्र भी किया गया। जितने खनन की इजाजत मांगी गई है उसके लिए जमीन में लगभग 35 फिट गहरा गड्डा खोदना पड़ेगा और उस खनन की अनुमानित लागत लगभग 50 करोड़ रुपये होगी।

        वहीं इस मामले में फ़ोन पर हुई बातचीत में महापौर ऊषा चौधरी ने कहा कि उनके संज्ञान में तो आया है कि आप नेता दीपक बाली ने उन पर कुछ आरोप लगाते हुए पत्रकारों से वार्ता की है। उन्हें अभी यह जानकारी नहीं है कि किस तरह के आरोप लगाये गये हैं। इसलिए वह अभी कुछ कह नहीं पायेंगी। आरोपों की जानकारी के बाद जल्द ही इस मामले पर प्रेस के सामने आएंगी।

        बाली ने मेयर ऊष चौधरी  पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये कैसी अनुमति है जिसमें दानदाता अपनी 2 करोड़ रुपये की जमीन को दान करने के बदले उसमें से 50 करोड़ रुपये के खनन की निकासी करेगा। बाली ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस प्रकरण की जांच कराई जाये तो उक्त खनन के खेल में और लोग भी शामिल पाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि उक्त जमीन तथा उस जमीन के आसपास किस-किस की जमीन है इसकी भी जांच होनी चाहिए।

          वहीं बाली ने बताया कि उनके संज्ञान में यह भी आया है कि नगर निगम द्वारा कूड़े को खाद में बदलने के लिए 20 करोड़ रुपये की एक मशीन क्रय की जा रही है। जब कूड़े की खाद बनने लगेगी तो फिर नये ट्रंचिंग ग्राउंड की क्या जरूरत होगी। इसलिए उसे खेल मैदान बनाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *