रेलवे समपार बंद करने से पहले जन सहमति जरूरी: जिलाधिकारी नितिन भदौरिया….

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर – जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने रेलवे, लोक निर्माण विभाग और उप जिलाधिकारियों के साथ समन्वय बैठक कर विभिन्न रेल और सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि रेलवे द्वारा प्रस्तावित किसी भी समपार (क्रॉसिंग) को बंद करने से पहले स्थानीय जनता, सड़क विभाग और प्रशासन के साथ बैठक कर जनसहमति ली जाए।

बैठक में ग्राम भरारानी (ओमैक्स के पीछे) प्रस्तावित रेलवे अंडरपास पर चर्चा हुई, जिसे शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में कार्य प्रारंभ हुआ था, लेकिन ठेकेदार के निष्क्रिय होने पर उसे हटाकर नया टेंडर जारी किया गया है। अब वर्षा काल के बाद कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा।

छतरपुर-मटकोटा सड़क पर आरओबी निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई, जिसमें रेलवे संसाधनों की शिफ्टिंग लंबित है। जिलाधिकारी ने आज ही संयुक्त निरीक्षण कर आगणन तैयार कर लोनिवि को सौंपने के निर्देश दिए।

खटीमा-मझोला रेलवे मार्ग पर एक फाटक बंद किए जाने से हल्दी गांव के 400 परिवार प्रभावित हो रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने जनता की आपत्ति पर गंभीरता दिखाते हुए रेलवे को स्थानीय लोगों और प्रशासन के साथ बैठक कर समाधान निकालने के निर्देश दिए।

काशीपुर-रामनगर मार्ग पर आरओबी निर्माण कार्य में भी तेजी लाने को कहा गया, जिसमें रेलवे संसाधनों की शिफ्टिंग के लिए 26 लाख रुपये का आगणन स्वीकृति हेतु भेजा गया है।

बैठक में रेलवे ने लालकुआं-गुलरभोज और लालकुआं-हल्दी रेलवे लाइन के पास पेड़ों की कटाई और पातन की स्वीकृति का अनुरोध किया, जिस पर वन विभाग ने निरीक्षण कर सूची तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, अपर जिलाधिकारी अशोक कुमार जोशी, एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *