पौड़ी में बच्चों की सुरक्षा हेतु अभिनव पहल: गुलदार से बचाव पाठ्यक्रम की शुरुआत…..

ख़बर शेयर करें -

पौड़ी – गढ़वाल के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपद में बढ़ते गुलदार और तेंदुए के हमलों को देखते हुए स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए एक अभिनव पहल शुरू की है। उन्होंने शिक्षा को सुरक्षा का माध्यम बनाते हुए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) और शिक्षा विभाग के सहयोग से बच्चों के लिए गुलदार एवं तेंदुए से बचाव पर आधारित एक विशेष पाठ्यक्रम तैयार करवाया है।

इस पाठ्यक्रम में बच्चों को व्यवहारिक उपाय, सतर्कता के तरीके और वन्यजीवों से बचाव की जानकारी सरल और आकर्षक ढंग से दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अभिनव प्रयास की सराहना करते हुए 2024 में वैकुण्ठ चतुर्दशी मेले के शुभारंभ अवसर पर इस पुस्तक का विमोचन किया। अब यह पाठ्यक्रम जनपद के विद्यालयों में पढ़ाया जा रहा है, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ा है और अभिभावकों को मानसिक राहत मिली है।

इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने नशे के बढ़ते खतरे, पॉक्सो कानून की जागरूकता और साइबर अपराधों से बचाव जैसे विषयों पर भी विशेष पाठ्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इन पाठ्यक्रमों में नशे से होने वाले नुकसान, कानूनी प्रावधान, साइबर ठगी से बचने के उपाय, डिजिटल गोपनीयता और सुरक्षा के व्यावहारिक अध्याय शामिल हैं। यह पहल बच्चों को न केवल सुरक्षित बनाएगी, बल्कि उन्हें समाज के जिम्मेदार नागरिक के रूप में भी विकसित करेगी।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा, “हमारा प्रयास है कि शिक्षा के माध्यम से हर बच्चा न केवल अकादमिक रूप से मजबूत हो, बल्कि सामाजिक और डिजिटल खतरों से भी सजग और सुरक्षित रहे।”प्राचार्य DIET स्वराज सिंह तोमर ने बताया कि इस पहल से बच्चों की सुरक्षा और जागरूकता को केंद्र में रखकर पाठ्यक्रम तैयार किया गया है, ताकि वे जंगल या जोखिम भरे क्षेत्रों में सतर्क रह सकें। जल्द ही ड्रग्स, पॉक्सो और साइबर अपराध जैसे संवेदनशील विषयों पर भी पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा। यह पहल बच्चों की सुरक्षा और जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो उन्हें सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने की ओर प्रेरित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *