सुखवंत आत्महत्या मामला: SSP मणिकांत मिश्रा ने जांच बाजपुर CO को सौंपी, निष्पक्ष जांच का भरोसा
रुद्रपुर/हल्द्वानी (उधम सिंह नगर):
हल्द्वानी के काठगोदाम क्षेत्र में हुए सुखवंत आत्महत्या मामले को उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच बाजपुर के क्षेत्राधिकारी (CO) को सौंप दी है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाएगी।
पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार, सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी सामने आई कि सुखवंत नामक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली है। आत्महत्या से पहले उसने सोशल मीडिया पर वीडियो और संदेशों के जरिए कई लोगों पर उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। पुलिस ने इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुखवंत का जिन लोगों पर आरोप है, उनसे पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इस मामले में दोनों पक्षों द्वारा पहले भी पुलिस को प्रार्थना पत्र दिए गए थे। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों को थाने बुलाकर विवाद का निस्तारण कराया गया था, इसके बावजूद सुखवंत लगातार दूसरे पक्ष पर आरोप लगाता रहा और पुलिस पर उसकी शिकायत न सुनने का आरोप भी लगाता रहा।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि सुखवंत आईटीआई थाना उधम सिंह नगर का हिस्ट्रीशीटर था और उसके खिलाफ पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही, वह पहले भी फेसबुक और व्हाट्सएप के माध्यम से आत्महत्या की धमकी देता रहा था।
एसएसपी ने कहा कि सुखवंत द्वारा सोशल मीडिया पर लगाए गए सभी आरोपों की जांच अब बाजपुर सीओ द्वारा की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
