
सितारगंज की चौकियों का एसएसपी अजय गणपति ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रुद्रपुर:एसएसपी अजय गणपति ने रविवार को कोतवाली सितारगंज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली चौकी सिडकुल, चौकी शक्तिफार्म और चौकी सड़कड़ा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौकियों की सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव, शस्त्रागार और जन शिकायतों के निस्तारण की प्रगति का गहनता से अवलोकन किया।
एसएसपी ने चौकियों में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान चौकी परिसरों में साफ-सफाई, सरकारी अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा शस्त्रों के सुरक्षित संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़े मामलों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा चौकियों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखा जाए।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि पुलिस चौकियों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए समय-समय पर निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे। उनके औचक निरीक्षण से पुलिस कर्मियों में हड़कंप की स्थिति रही और अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।
