लक्ष्मणझूला में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों की अब खैर नहीं….

ख़बर शेयर करें -

पौड़ी – धार्मिक और योग नगरी लक्ष्मणझूला क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। पौड़ी पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मिलकर आमजन, होटल और कैफे संचालकों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

सख्त निर्देश और कार्रवाई
लक्ष्मणझूला क्षेत्र में आमजन द्वारा लगातार शिकायतें की जा रही थीं कि गंगा घाटों, धर्मशालाओं, होटल और कैफे जैसे सार्वजनिक स्थानों पर लोग धूम्रपान कर रहे हैं, जिससे न केवल स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है, बल्कि लोगों की धार्मिक भावनाएं भी आहत हो रही हैं। इस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर धूम्रपान निषेध को लेकर व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

इसके तहत क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ बैठक कर आमजन और होटल, कैफे संचालकों को धूम्रपान के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। साथ ही निर्देश दिया गया कि उनके प्रतिष्ठानों में धूम्रपान बिल्कुल न होने दिया जाए। यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने की अपील
पुलिस ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे धार्मिक नगरी की गरिमा बनाए रखें और नियमों का पालन करें।

नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश:

  1. लक्ष्मणझूला व नीलकंठ क्षेत्र में सभी नशीले पदार्थों का सेवन वर्जित है।
  2. सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकना, थूकना, धूम्रपान करना, हुड़दंग मचाना, खुले में शौच करना और अन्य गैर-कानूनी कार्य प्रतिबंधित हैं।
  3. मां गंगा की पवित्रता बनाए रखने के लिए सभी नागरिक अपने कर्तव्यों का पालन करें।
  4. गंगा घाटों पर केवल निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करें।
  5. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

धार्मिक नगरी की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने के लिए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग का यह अभियान सराहनीय है। अब यह जनता की जिम्मेदारी है कि वे इन नियमों का पालन करें और पर्यावरण को स्वच्छ व सुरक्षित रखने में सहयोग दें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *