पूर्व सैनिकों की गरिमा और समस्याओं के समाधान को मिलेगी प्राथमिकता: महेन्द्र पाल सिंह रावत….   

ख़बर शेयर करें -

कोटद्वार – पूर्व सैनिकों के हितों, गरिमा और समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से पूर्व सैनिक संघर्ष समिति कोटद्वार की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पूर्व सैनिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श हुआ और उनकी समस्याओं के समाधान हेतु ठोस रणनीति तय की गई।

बैठक में समिति के पदाधिकारियों के साथ-साथ एसडीएम लैंसडौन, गढ़वाल राइफल्स के मुख्य अभिलेख अधिकारी और जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (लैंसडौन और पौड़ी) की उपस्थिति रही। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी पौड़ी के उत्तराधिकारी द्वारा की गई।

बैठक में उठाए गए प्रमुख मुद्दे और सुझाव:

रोजगार पुनर्वास की कमी
पूर्व सैनिकों के लिए समय-समय पर रोजगार मेलों के आयोजन की मांग उठाई गई ताकि उन्हें दोबारा समाज में स्थापित होने में सहयोग मिल सके।

वेटरन सेल की स्थापना
कोटद्वार में पूर्व सैनिकों की सहायता के लिए अलग से वेटरन सेल खोले जाने की मांग रखी गई।

राजस्व विवाद
भूमि विवादों में फंसे पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और दिव्यांग सैनिकों की समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु तहसील स्तर पर विशेष तंत्र स्थापित करने की आवश्यकता जताई गई। बैठक में कई व्यक्तिगत मामलों पर भी चर्चा की गई।

पूर्व सैनिक पटल की आवश्यकता
तहसील कार्यालयों में पूर्व सैनिकों के लिए अलग पटल की स्थापना का सुझाव दिया गया, जिससे उन्हें जमीन, पेंशन व अन्य मामलों में सहायता मिल सके।

पुलिस की अभद्रता पर चिंता
सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के साथ हो रही असम्मानजनक घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की गई और इसके समाधान हेतु नीति स्तर पर कार्रवाई की मांग की गई।

एम्बुलेंस की व्यवस्था
आकस्मिक चिकित्सा के लिए पूर्व सैनिकों को एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने हेतु गैर सरकारी संस्थाओं से समन्वय की बात रखी गई।

जलपान सुविधा की मांग
CSD और ECHS कैंटीन परिसर में जलपान सुविधा न होने के कारण ग्राहकों और मरीजों को हो रही असुविधा के समाधान की आवश्यकता जताई गई।

कम्युनिटी हॉल की आवश्यकता
सैन्य बाहुल्य क्षेत्र कोटद्वार में सैन्य परिवारों के लिए सामुदायिक केंद्र की स्थापना का सुझाव रखा गया, जिससे सामाजिक व धार्मिक आयोजनों के लिए उचित स्थान मिल सके।

वेलनेस केंद्र व रेस्ट रूम
ECHS पॉलीक्लिनिक कोटद्वार में वेलनेस केंद्र और विश्राम कक्ष की आवश्यकता बताई गई, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों से आए पूर्व सैनिक और उनके परिजन आराम कर सकें।

गोल्डन फिश कैंटीन की समस्याएं
कैंटीन में चल रही हड़ताल और सेवाओं में गिरावट पर चिंता जताई गई। कैंटीन संचालन में शीघ्र सुधार लाने की मांग की गई, जिससे पूर्व सैनिकों की आस्था और सम्मान बना रहे।

संघर्ष समिति का संकल्प

समिति ने स्पष्ट किया कि वह पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की गरिमा व समस्याओं को लेकर सतत सक्रिय रहेगी। संगठन का उद्देश्य हर पूर्व सैनिक को यह विश्वास दिलाना है कि वह अकेला नहीं है – संगठन हमेशा साथ खड़ा है।

बैठक के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों और अधिकारियों का समिति ने आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *