सितारगंज में बर्ड फ्लू का कहर, 1708 मुर्गियों की कलिंग, क्षेत्र घोषित हुआ संक्रमित
जिला ऊधमसिंहनगर के सितारगंज तहसील अंतर्गत ग्राम बैकुण्ठपुर स्थित एक मुर्गीफार्म में अचानक बड़ी संख्या में मुर्गियों की असामान्य मौत से हड़कंप मच गया। 21 अगस्त की सुबह हुई इन मौतों के बाद मौके से एकत्रित सैंपल जांच के लिए निहसाद (नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिसीजिस), भोपाल भेजे गए।
23 अगस्त को प्राप्त रिपोर्ट में इन पक्षियों में हाईली पथोजेनिक एवियन इन्फ्लूएंजा (एचपीएआई- बर्ड फ्लू) की पुष्टि हुई। इसके बाद जिला अधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित मुर्गीफार्म को केंद्र मानकर एक किलोमीटर क्षेत्र को संक्रमित जोन और 10 किलोमीटर क्षेत्र को सर्विलेंस जोन घोषित कर दिया।
आज 24 अगस्त को प्रशासन, पशुपालन, स्वास्थ्य, नगर निकाय एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने फार्म की 1,708 मुर्गियों की कलिंग कर उन्हें गहराई से दबाकर नष्ट किया। इसके बाद भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत फार्म का सैनिटाइजेशन किया गया।
सरकारी गाइडलाइन के अनुसार आने वाले तीन महीनों तक 10 किलोमीटर क्षेत्र में निगरानी अभियान चलाया जाएगा और समय-समय पर नमूनों की जांच रिपोर्ट नकारात्मक आने पर ही क्षेत्र को बर्ड फ्लू मुक्त घोषित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि ऑपरेशन में लगे कर्मियों और आसपास के मुर्गीपालकों की नियमित स्वास्थ्य जांच और स्क्रीनिंग ड्राइव चलाई जाए, ताकि किसी प्रकार की आशंका को समय रहते रोका जा सके।
