
अमियावाला में दिल दहला देने वाली वारदात: किशोरी से दुष्कर्म के बाद हत्या, ग्रामीणों में आक्रोश
समाचार प्लस लाइव:उधम सिंह नगर। ग्राम अमियावाला में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। तालबपुर के सरकारी स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ने वाली 14 वर्षीय किशोरी घर से गांव की ओर निकली थी। देर शाम तक घर न लौटने पर जब मां तलाश करते हुए बाहर पहुंची तो घर से करीब 50 मीटर दूर गन्ने के खेत में बेटी खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली।
मां की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने किशोरी को अस्पताल पहुंचाया, जहां ईएमओ डॉ. आशु सिंघल ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के अनुसार किशोरी के पेट पर धारदार हथियार से वार किया गया था, बायां हाथ टूटा हुआ था और कपड़े खून से सने थे। प्राइवेट पार्ट से भी खून बह रहा था, जिससे आशंका है कि उसके साथ दुष्कर्म कर हत्या की गई है। हालांकि, स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस ने शव को वीडियोग्राफी के बीच पैनल से पोस्टमार्टम कराने के लिए मोर्चरी भेज दिया है। एसपी काशीपुर अभय प्रताप सिंह ने बताया कि घटना का खुलासा करने के लिए टीम गठित की गई है। वहीं ग्रामीणों ने मांग की है कि जेल में बंद किशोरी के पिता को पेरोल पर बुलाया जाए।
इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी और गहरा आक्रोश है।
