खटीमा: सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर Sardar@150 अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की समीक्षा बैठक

ख़बर शेयर करें -

खटीमा: सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर Sardar@150 अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की समीक्षा बैठक

 

खटीमा, 24 अक्टूबर 2025।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को कैम्प कार्यालय लोहियाहेड अतिथि गृह, खटीमा से राष्ट्रीय एकता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित Sardar@150 Campaign की तैयारियों को लेकर वर्चुअल बैठक की।

 

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि एकता मार्च के सफल आयोजन हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों और महाविद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों व जनजागरूकता अभियानों का भव्य आयोजन किया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस अभियान में युवाओं, महिलाओं, स्थानीय निकायों, एनसीसी, स्वयं सहायता समूहों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

 

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी तय कार्यक्रमों की जानकारी राज्य स्तर पर साझा की जाए ताकि अभियान का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुँच सके। उन्होंने कहा कि Sardar@150 अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता का संदेश घर-घर तक पहुँचाना है।

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा ताकि देश की नई पीढ़ी उनके योगदान और विचारों से प्रेरणा ले सके। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति से भारत को एक सशक्त राष्ट्र बनाया और रियासतों को जोड़कर “एक भारत” की नींव रखी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल के सपनों को आगे बढ़ाया है। उनके नेतृत्व में “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के विजन के साथ देश हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। प्रधानमंत्री द्वारा सरदार पटेल के सम्मान में गुजरात के नर्मदा जिले के केवड़िया में बनाई गई ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ आज भारत की एकता और गौरव का प्रतीक है।

 

बैठक में बताया गया कि Sardar@150 Campaign के तहत राज्य के नागरिक माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण करा रहे हैं। इसके अंतर्गत सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन, क्विज़ और Sardar@150 Young Leaders जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।

 

राज्य के 13 जिलों में 31 अक्टूबर से 16 नवम्बर के बीच एकता मार्च का आयोजन किया जाएगा। यह तीन दिन का कार्यक्रम होगा, जिसमें 8 से 10 किलोमीटर की पैदल यात्रा की जाएगी। इसमें कोई भी नागरिक भाग ले सकेगा।

 

इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय पदयात्रा 26 नवम्बर से 06 दिसम्बर तक 152 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए सरदार पटेल के जन्मस्थान करमसद से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, केवड़िया तक निकाली जाएगी। इस यात्रा में प्रत्येक जिले से दो युवा प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिनका चयन माई भारत पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।

 

वर्चुअल बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *