ग्राम प्रधान मो. दानिश के OBC जाति प्रमाण पत्र पर मण्डलायुक्त ने की सुनवाई, शपथपत्र तलब

ख़बर शेयर करें -

ग्राम प्रधान मो. दानिश के OBC जाति प्रमाण पत्र पर मण्डलायुक्त ने की सुनवाई, शपथपत्र तलब

रूद्रपुर, 30 दिसम्बर 2025।

सरवरनगर पोस्ट केलाखेड़ा निवासी मो. दानिश पुत्र जमील अहमद के ओबीसी जाति प्रमाण पत्र को लेकर दर्ज शिकायत पर मण्डलायुक्त दीपक रावत ने हल्द्वानी स्थित कैम्प कार्यालय में सुनवाई की।

यह शिकायत इबरान अली पुत्र मो. हनीफ, निवासी सरवरनगर पोस्ट केलाखेड़ा, तहसील गदरपुर, जनपद उधम सिंह नगर द्वारा की गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मो. दानिश ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर ओबीसी जाति प्रमाण पत्र प्राप्त किया और इसी प्रमाण पत्र के आधार पर निर्वाचन वर्ष 2025 में ग्राम प्रधान पद का चुनाव लड़ा, जिसमें वे विजयी घोषित हुए।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि मो. दानिश सामान्य वर्ग से संबंधित हैं तथा उनका ओबीसी जाति प्रमाण पत्र नामांकन से पूर्व ही निरस्त हो चुका था। इस संबंध में तत्कालीन रिटर्निंग ऑफिसर को भी अवगत कराया गया था, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं की गई। वर्तमान में भी मो. दानिश ग्राम प्रधान पद पर बने हुए हैं और प्रमाण पत्र बहाली के लिए उनके द्वारा कोई वैधानिक प्रक्रिया नहीं अपनाई गई है।

दिनांक 20 दिसम्बर 2025 को प्राप्त शिकायत के संबंध में आयोजित सुनवाई में शिकायतकर्ता, विपक्षी, तहसीलदार गदरपुर तथा जिला पंचायतराज अधिकारी उधम सिंह नगर मण्डलायुक्त के समक्ष उपस्थित हुए।

सुनवाई के दौरान मण्डलायुक्त दीपक रावत ने शिकायतकर्ता को निर्देशित किया कि वह इस आशय का शपथपत्र प्रस्तुत करें कि मो. दानिश का ओबीसी जाति प्रमाण पत्र निरस्त हो चुका है। साथ ही मण्डलायुक्त ने जिला पंचायतराज अधिकारी को शपथपत्र प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुनवाई में जिला पंचायतराज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल, तहसीलदार लीना चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *