एक्शन में मुख्यमंत्री धामी, डालनवाला कोतवाल लाइन हाज़िर
औचक निरीक्षण में ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कानून-व्यवस्था में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए देहरादून के डालनवाला कोतवाली के कोतवाल को तत्काल प्रभाव से लाइन हाज़िर करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के औचक निरीक्षण के दौरान कोतवाल ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए, जिस पर यह सख़्त कार्रवाई की गई।
विभिन्न बैठकों के बाद मुख्यमंत्री अचानक डालनवाला पुलिस स्टेशन पहुंचे और वहां की संपूर्ण कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के अचानक पहुंचने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आई।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने थाने में मौजूद फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों को महज़ औपचारिकता न समझा जाए, बल्कि जिम्मेदारी के साथ दर्ज कर उनका तत्काल, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री महिला हेल्प डेस्क भी पहुंचे और महिला फरियादियों से बातचीत की। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, गोपनीयता और त्वरित कार्रवाई को अनिवार्य बताते हुए किसी भी स्तर की ढिलाई पर सख़्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
मुख्यमंत्री ने एफआईआर रजिस्टर, ड्यूटी रजिस्टर और उपस्थिति रजिस्टर का निरीक्षण कर दर्ज मामलों की प्रगति, फॉलोअप और लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस कर्मियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
थाने के बंदी गृह में गंदगी और अव्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने गहरी नाराज़गी जताई और तत्काल साफ-सफाई व मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने की स्थिति ही शासन-प्रशासन की कार्यसंस्कृति को दर्शाती है।
वाहन चेकिंग, सत्यापन अभियान और अपराध नियंत्रण की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ट्रैफिक व्यवस्था पर भी असंतोष जताते हुए उन्होंने विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर एसएसपी देहरादून तत्काल थाने पहुंचे और मौके पर स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दो टूक कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जनता के प्रति जवाबदेह है। जनसेवा में लापरवाही, अनुशासनहीनता और संवेदनहीनता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
