
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल से कैंची धाम और भवाली को जाम से राहत, बाईपास पर यातायात संचालन शुरू
नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सैनिटोरियम–रातीघाट–दूनीखाल बाईपास पर यातायात संचालन शुरू हो गया है, जिससे क्षेत्रवासियों, व्यापारियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में बेहतर यातायात व्यवस्था और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस बाईपास के शुरू होने से भवाली और कैंची धाम मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होगा, जिससे यात्रा अधिक सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध बन सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंची धाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे यातायात का दबाव बढ़ जाता है। नए बाईपास के संचालन से जाम की समस्या में कमी आएगी और लोगों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्रीय विकास, पर्यटन संवर्धन और प्रभावी यातायात प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ आमजन को भी प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए हैं।हेडलाइन:
