सितारगंज में लगा सरकार आपके द्वार शिविर, मौके पर सुनी गईं जनता की समस्याएं
सितारगंज के रामलीला मैदान में सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर लगाया गया। कैबिनेट मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने शिविर में पहुंचकर जनता की समस्याएं सुनीं।
शिविर में बिजली, पानी, प्रधानमंत्री आवास और दिव्यांग प्रमाण पत्र समेत 16 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 11 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
सबसे खास बात रही कि शिविर में दिव्यांगजनों को 4 मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 8 व्हीलचेयर, 2 वॉकर और एक चेयर विद कमोड वितरित किए गए। नंदा गौरा योजना के लाभार्थियों को चेक भी दिए गए।
वहीं कृषि विभाग की ओर से कृषक स्वयं सहायता समूह को 4 लाख रुपये का अनुदान दिया गया। पशुपालन योजना के लाभार्थियों को भी आर्थिक सहायता के चेक बांटे गए।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 166 लोगों की ओपीडी की, जबकि आयुर्वेद विभाग ने 52 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
इस दौरान एक फरियादी ने दिव्यांग प्रमाण पत्र नहीं बनने की शिकायत की, जिस पर मंत्री ने मौके पर ही प्रमाण पत्र जारी कराने के निर्देश दिए।
वहीं शिविर में अनुपस्थित अधिकारियों पर भी मंत्री सख्त नजर आए। उन्होंने जिलाधिकारी को अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब कर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
यानी संदेश साफ है—सरकार सिर्फ दफ्तरों में नहीं, अब जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान करने का दावा कर रही है।
