रामपुर में पुलिस मुठभेड़: दो कथित गौकश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

ख़बर शेयर करें -

रामपुर में पुलिस मुठभेड़: दो कथित गौकश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

रामपुर के केमरी थाना क्षेत्र में पुलिस और दो कथित गौकशों के बीच मुठभेड़ होने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार चेकिंग अभियान के दौरान पीलाखार नदी डैम के पास बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया। हालांकि दोनों युवक रुकने के बजाय मौके से भागने लगे।

पुलिस का दावा है कि पीछा किए जाने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

घायल आरोपी की पहचान भूरा निवासी भैसोड़ी, थाना मिलक के रूप में हुई है। वहीं उसके साथी मुकीम को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, बिना नंबर प्लेट की बाइक तथा कथित गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घायल आरोपी भूरा के खिलाफ गौकशी, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना केमरी में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मुठभेड़ में घायल भूरा को उपचार के लिए सीएचसी बिलासपुर भेजा गया है। पुलिस बरामद सामान को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *