सुंदरपुर में 60 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास, प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने जनता को किया समर्पित
रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने बुधवार को रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के सुंदरपुर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक निधि एवं क्षेत्र पंचायत निधि से कराए जा रहे करीब 60 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
प्रभारी मंत्री ने आनंदखेड़ा में 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भंडारा हॉल, सुंदरपुर और आसपास के क्षेत्रों में कई सीसी मार्गों, मुकरदपुर व जाफरपुर श्मशान घाट के सौंदर्यीकरण, विजयनगर मंदिर सौंदर्यीकरण तथा छतरपुर में सड़क निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। हरेला पर्व के अवसर पर उन्होंने विधायक शिव अरोरा के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
धामी सरकार के पांच वर्ष पूरे होने पर गिनाईं उपलब्धियां
प्रदीप बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने विकास की नई गति प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार के पांच वर्ष पूरे होना राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने यूसीसी लागू करने, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून तथा पर्यटन और धार्मिक-सांस्कृतिक विकास जैसे फैसलों को सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताया।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर विधानसभा में भी लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और विधायक शिव अरोरा के प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है।
ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को मिली नई रफ्तार: शिव अरोरा
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि उनकी विधायक निधि से कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास होना क्षेत्र के लिए खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर को लगातार नई परियोजनाओं की सौगात मिल रही है।
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि विधानसभा का कोई भी क्षेत्र विकास से वंचित न रहे। उनके कार्यकाल में कई ऐसी सड़कों का निर्माण कराया गया है, जिनकी लंबे समय से मांग की जा रही थी। उन्होंने बताया कि केवल सुंदरपुर क्षेत्र में ही उनके कार्यकाल के दौरान 50 से अधिक विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष जगदीश विश्वास, प्रीत ग्रोवर, राजेश बजाज, निर्मला सिंह, हरीश भट्ट, दीपक गिरि, वंदना ढाली, अजितेश पाइक सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।
