गदरपुर में भाजपा की संगठनात्मक बैठक, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
गदरपुर। भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक बैठक का आयोजन गदरपुर स्थित मोदी बैंक्विट हॉल में किया गया। बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक अरविंद पांडे, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अशोक हुड़िया तथा काशीपुर जिला सह प्रभारी एवं मुख्य वक्ता भारत भूषण चुघ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक अरविंद पांडे ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड में अभूतपूर्व विकास कार्य किए हैं। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का कोई भी क्षेत्र विकास से अछूता नहीं है और केंद्र व राज्य सरकार समन्वय के साथ उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।
मुख्य वक्ता भारत भूषण चुघ ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ पर सक्रिय युवा कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा दोबारा सरकार बनाएगी।
बैठक के दौरान अन्य वक्ताओं ने भी संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के संयोजक जिला उपाध्यक्ष चंकित हुड़िया रहे, जबकि संचालन मंडल महामंत्री अनिल जेटली ने किया। कार्यक्रम का समापन प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अशोक हुड़िया के संबोधन के साथ हुआ।
इस अवसर पर दिनेशपुर मंडल अध्यक्ष विश्वजीत मंडल, किलाखेड़ा मंडल अध्यक्ष शशिप्रीत सिंह, गदरपुर मंडल महामंत्री अजय बठला, दिनेशपुर मंडल महामंत्री प्रकाश कोश्यारी, केलाखेड़ा मंडल महामंत्री जितेंद्र गुप्ता, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र कालरा, रेनू बिष्ट, कंचन सिंह, अनादी रंजन मंडल, नरेश हुड़िया, सुरजीत सिंह, कुलदीप सिंह, तनुज गिलहोत्रा, रोशन कंबोज, जिला पंचायत सदस्य अभिषेक वर्मा, नरेंद्र कोरंगा, सूरजभान गुप्ता, विशाल छाबड़ा, मनोहर प्रकाश सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
