रुद्रपुर जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी जल्द होगी दूर, विधायक शिव अरोरा ने किया निरीक्षण

रुद्रपुर जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी जल्द होगी दूर, विधायक शिव अरोरा ने किया निरीक्षण

रुद्रपुर। रुद्रपुर के विधायक शिव अरोरा ने सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दिवेश शाशनी के साथ जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों की कमी पर चिंता जताते हुए स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से दूरभाष पर वार्ता की। स्वास्थ्य मंत्री ने जल्द ही रिक्त पदों पर चिकित्सकों की तैनाती का भरोसा दिया।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल प्रशासन के साथ बैठक कर हाल ही में हुए चिकित्सकों के स्थानांतरण और उसके बाद बनी स्थिति की जानकारी ली। पीएमएस ने बताया कि आठ डॉक्टरों का स्थानांतरण हुआ था, जिनके स्थान पर अधिकांश चिकित्सकों की तैनाती के आदेश जारी हो चुके हैं। हालांकि दो स्त्री रोग विशेषज्ञ (गायनी) और एक रेडियोलॉजिस्ट के आदेश अभी लंबित हैं।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर जिला अस्पताल में प्रतिदिन जिलेभर के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं। ऐसे में डॉक्टरों की कमी से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल को पत्र भेजा गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने बातचीत के दौरान आश्वासन दिया कि लंबित पदों पर भी जल्द नियुक्ति के आदेश जारी किए जाएंगे।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जिला अस्पताल में बाल रोग, स्त्री रोग, फिजिशियन, अस्थि रोग और रेडियोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण विभागों में जल्द चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

निरीक्षण के दौरान विधायक और सीडीओ ने इमरजेंसी वार्ड, जनरल वार्ड सहित विभिन्न विभागों का दौरा किया और भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उन्हें मिल रहे उपचार और सुविधाओं की जानकारी ली। विधायक ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों की सबसे अधिक निर्भरता जिला अस्पताल पर होती है, इसलिए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर सीडीओ दिवेश शाशनी, पीएमएस डॉ. ए.एम. शर्मा, डॉ. इरशाद, पार्षद निमित शर्मा, भाजपा मंडल महामंत्री राधेश शर्मा, जितेंद्र चौहान, मयंक कक्कड़, के.पी. राठी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।