मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार आम महोत्सव में उत्कृष्ट किसानों को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार आम महोत्सव में उत्कृष्ट किसानों को किया सम्मानित

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में आयोजित आम महोत्सव में सहभागिता करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों के साथ विभिन्न किस्मों के आमों का स्वाद भी लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन किसानों और बागवानों की मेहनत को सम्मान देने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा उन्हें व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में किसानों के कल्याण और उनकी आय बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड सरकार भी किसानों एवं बागवानों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए एप्पल मिशन, कीवी मिशन और महक क्रांति जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के माध्यम से कृषि और बागवानी क्षेत्र को नई मजबूती प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज के माध्यम से प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने तथा उन्हें व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैरा, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, पूर्व विधायक संजय गुप्ता तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल सहित कई जनप्रतिनिधि और किसान मौजूद रहे।