हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर का शिलान्यास, ₹235 करोड़ की विकास परियोजनाओं की शुरुआत; कांवड़ मेले की तैयारियों का सीएम धामी ने लिया जायजा
हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार दौरे के दौरान लगभग ₹235 करोड़ की लागत से बनने वाली गंगा कॉरिडोर की विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गंगा कॉरिडोर परियोजना हरिद्वार के आध्यात्मिक, धार्मिक और पर्यटन स्वरूप को नई पहचान देगी तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी।
शिलान्यास के बाद मुख्यमंत्री ने सीसीआर भवन में अधिकारियों के साथ आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले लाखों शिवभक्तों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बिजली, पेयजल, सड़क, यातायात, सुरक्षा, घाटों की सफाई, पार्किंग और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग शौचालयों की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय प्रशासन, संत समाज और सभी संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर कांवड़ियों के स्वागत और सुरक्षित यात्रा के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य हरिद्वार आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं।
इन परियोजनाओं पर होगा ₹235 करोड़ का निवेश
गंगा कॉरिडोर के तहत जिन प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया, उनमें—
रोड़ीबेलवाला क्षेत्र के सौंदर्यीकरण पर ₹58.84 करोड़
हरकी पैड़ी विकास कार्यों पर ₹66.76 करोड़
उत्तरी हरकी पैड़ी के सौंदर्यीकरण पर ₹66.34 करोड़
प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास पर ₹43.25 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद हरिद्वार में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय व्यापार को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित किसान संवाद एवं आम पार्टी कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हरिद्वार के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश के धार्मिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
