मुख्यमंत्री ने ‘समरसता संकल्प अभियान’ प्रदेश कार्यशाला में किया प्रतिभाग, सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का किया आह्वान
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ की प्रदेश कार्यशाला में सहभागिता कर सम्मानित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने सामाजिक समरसता, एकता और सद्भाव को सशक्त बनाने के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 29 जुलाई से 20 फरवरी तक संचालित होने वाले ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत प्रदेशभर में कार्यशालाएं, संत-महात्माओं से संपर्क, संत सम्मेलन, समरसता कार्यक्रम सहित विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सदैव सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक समरसता को सुदृढ़ बनाने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अभियान सामाजिक एकता, सद्भाव और समरसता को नई ऊर्जा प्रदान करेगा तथा समाज के सभी वर्गों के बीच आपसी विश्वास और सहयोग की भावना को और मजबूत करेगा।
कार्यक्रम में भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, कैबिनेट मंत्री दास, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. स्वराज विद्वान, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य जन उपस्थित रहे।
