बिपरजॉय तूफान को लेकर रेड अलर्ट जारी, देश के इन ज़िलों में भारी बारिश की चेतावनी…….

ख़बर शेयर करें -

चक्रवातीय तूफान बिपरजॉय अभी से अपना असर दिखा रहा है। मुंबई से लेकर केरल के तट तक समंदर में तूफानी लहरें उठ रही हैं। बता दें, अरब सागर में इस साल उठे चक्रवात को ‘बिपरजॉय’ का नाम दिया गया है। मौसम विभाग के महानिदेशक डॉक्टर मृत्युंजय महापात्र ने कई जगहों पर भारी बारिश को लेकर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि देवभूमि द्वारका में बहुत भयंकर बारिश होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि कच्छ, पोरबंदर, राजकोट, मोरबी और जुनागड़ जिले में बारिश हो सकती है। यहां बारिश सामान्य से अधिक होने की संभावना है।

 

महापात्र ने बताया कि चक्रवात बिपरजॉय पोरबंदर से 350 किमी, द्वारका से 290 किमी दूरी पर केंद्रभूत है। उन्होंने कहा कि पूर्वानुमान के मुताबिक यह 15 जून को शाम के समय तट से टकराएगा, जिसकी रफ्तार 125-135 किमी प्रति घंटा तक होगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने एक बार फिर सौराष्ट्र और कच्छ तटों के लिए चेतावनी दी है। उन्होंने चक्रवात के बढ़ते खतरे को देखते हुए सौराष्ट्र-कच्छ के तटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

 

वहीं, खतरे को देखते हुए मंगलवार शाम तक, गुजरात के आठ तटीय जिलों से 37,700 से अधिक लोगों को सुरक्षित दूसरी जगह पहुंचाया गया है। वहीं, यहां सैनात को तैनात किया गया है। गुजरात के सियालबेट के ग्रामीणों तक जरूरी सामानों को नावों से पहुंचाया जा रहा है। इसकी एक वीडियो भी सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *