अंतर्राष्ट्रीय एड्स दिवस पर जागरूकता शिविर, लोगों को दी एचआईवी/एड्स से बचाव की जानकारी
बाजपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर के तत्वाधान में अंतर्राष्ट्रीय एड्स दिवस के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाजपुर में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। सचिव योगेंद्र कुमार सागर के निर्देश पर अधिवक्ता महिपाल सिंह एवं फार्मासिस्ट विकास गावड़ी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में लोगों को एचआईवी/एड्स के लक्षण, बचाव और उपचार संबंधी जानकारी दी गई।
शिविर में पराविधिक कार्यकर्ता शशि गुप्ता ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मिलने वाली निशुल्क विधिक सेवाओं, नालसा हेल्पलाइन 15100 तथा राष्ट्रीय लोक अदालत के विषय में जानकारी दी।
प्रभारी पीएचसी बेरिया दौलत विकास गुवाड़ी ने बताया कि एचआईवी संक्रमण के शुरुआती लक्षण फ्लू जैसे होते हैं, जिनमें बुखार, थकान, सिरदर्द, ग्रंथियों में सूजन एवं त्वचा पर चकत्ते शामिल हैं। समय पर इलाज न मिलने पर यह एड्स में परिवर्तित होकर गंभीर संक्रमण का कारण बनता है।
अधिवक्ता महिपाल सिंह ने कहा कि एड्स, एचआईवी संक्रमण का अंतिम और गंभीर चरण है जिसमें श्वेत रक्त कोशिकाओं की संख्या बहुत कम हो जाती है और मरीज की प्रतिरक्षा प्रणाली कमजोर हो जाती है। उपचार के बिना एचआईवी संक्रमण लगभग 10 साल में एड्स में बदल सकता है।
शिविर में एएनएम जानकी कुंवर, पीएलवी शशि गुप्ता, पीएलवी शिवानी, दीपक कुमार, अंजली, संगीता, नर्सिंग स्टाफ अमीषा एवं ऋतु मौजूद रहे।
