रूद्रपुर को स्मार्ट सिटी बनाने को सरकार प्रतिबद्ध: प्रभारी मंत्री गणेश जोशी….

ख़बर शेयर करें -

रूद्रपुर – प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे विशेष फागिंग अभियान का शुभारंभ किया और इस मौके पर वाहनों व कर्मचारियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि रूद्रपुर का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता में शामिल है और नगर निगम की ओर से जो भी प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे, उन्हें पूरा समर्थन मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम द्वारा विवाह पंजीकरण कराने वाले नागरिकों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं, वेंडिंग जोन में दुकानदारों को डस्टबिन, यूनिफॉर्म और आवंटन पत्र भी प्रदान किए गए। प्रभारी  मंत्री ने वेंडिंग जोन का निरीक्षण भी किया और वहां की व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह वेंडिंग जोन प्रदेश में अपनी तरह का पहला उदाहरण है और इसे अन्य निकायों को भी अपनाना चाहिए।

सभा की शुरुआत में हाल ही में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद सभा को संबोधित करते हुए मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि रूद्रपुर नगर निगम ने स्वच्छता और शहरी विकास के क्षेत्र में जो कार्य किए हैं, वे सराहनीय हैं। उन्होंने विशेष रूप से किच्छा रोड पर बने कचरे के पहाड़ को हटाकर सुंदर पार्क विकसित करने की पहल की प्रशंसा की, जिससे लगभग 50 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि को संरक्षित किया जा सका।

प्रभारी मंत्री ने महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल की कार्यशैली की खुले दिल से सराहना की। उन्होंने कहा कि रूद्रपुर को एक युवा और कर्मठ मेयर तथा अनुभवी नगर आयुक्त मिले हैं, जिनकी टीम वर्क की भावना से नगर का तेजी से विकास हो रहा है।

महापौर विकास शर्मा ने अपने संबोधन में बताया कि रूद्रपुर को एक मॉडल और स्वच्छ शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में नगर निगम निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि शहर के सभी 40 वार्डों में विशेष फागिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें पैदल और वाहन दोनों माध्यमों से मच्छरनाशक दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है। यह अभियान एक माह तक चलेगा।

नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने नगर निगम की उपलब्धियों के साथ-साथ भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए शासन से सहयोग की अपेक्षा जताई। उन्होंने बताया कि रूद्रपुर को पालिका से निगम बने कुछ ही साल हुए हैं, लेकिन अब नगर लगातार प्रगति की दिशा में बढ़ रहा है।  कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, पार्षदगण, नगर निगम कर्मचारी व अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *