
समाचार प्लस लाइव | रुद्रपुर में ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरफ्तार
शादी और प्यार का झांसा देकर लाखों की ठगी, हाई कोर्ट की फर्जी वकील बन रचती थी जाल – जसपुर के तत्कालीन कोतवाल को भी बना चुकी है शिकार
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया है, जो खुद को हाई कोर्ट की वकील बताकर लोगों को प्रेमजाल में फंसाती थी, फिर ब्लैकमेल और ठगी कर मोटी रकम वसूलती थी। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में रुद्रपुर पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल महिला ठग को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है।
दीपक कक्कड़ से पांच लाख की ठगी, फिर 30 लाख की मांग
कोतवाली रुद्रपुर को वादी दीपक कक्कड़ निवासी बसुंधरा फेस 1, रुद्रपुर द्वारा शिकायत दी गई कि एक महिला ने खुद को ‘अंकिता शर्मा’ बताते हुए हाई कोर्ट की वकील बनकर उससे दोस्ती की और फिर प्रेमजाल में फंसा लिया। महिला ने पांच लाख रुपये ले लिए और फिर विवाह का नाटक कर उसके घर में रहने लगी। इसके बाद उसने 30 लाख रुपये की मांग शुरू की और न देने पर हत्या या आत्महत्या कर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगी।
असली नाम हीना रावत, पहले से शादीशुदा
जांच में पता चला कि महिला का असली नाम हीना रावत पुत्री बलवंत सिंह निवासी खरमासा, कुंडेश्वरी थाना काशीपुर है। वह पहले से शादीशुदा है और पहले भी इस तरह के कई मामलों में संलिप्त रही है।
जसपुर के तत्कालीन कोतवाल को भी बना चुकी है शिकार
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हीना रावत इससे पहले जसपुर के तत्कालीन कोतवाल को भी अपने हनी ट्रैप का शिकार बना चुकी है। उसने अधिकारी के साथ नज़दीकियां बढ़ाकर न केवल उससे आर्थिक लाभ लिया, बल्कि बाद में उसकी प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचाया। यह जानकारी पुलिस की पूछताछ में सामने आई है और इसकी पुष्टि संबंधित रिकॉर्ड से की जा रही है।
गिरफ्तारी और बरामदगी
कोतवाली रुद्रपुर में एफआईआर संख्या 265/2025 दर्ज करने के बाद पुलिस ने हीना रावत को 6/7 जून की रात उदय होटल के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से फिरौती के 50 हजार रुपये और फर्जी आधार कार्ड बरामद हुए।
पूछताछ में खुलासा: विदेश भागने की थी योजना
पूछताछ में हीना ने बताया कि उसके विरुद्ध यूपी और उत्तराखंड में कई मुकदमे दर्ज हैं। वह इन मामलों से बचने के लिए विदेश भागने की योजना बना रही थी और 30 लाख की फिरौती उसी का हिस्सा थी।
फरेब और धोखे के कई तरीके
- हाईकोर्ट की वकील बनकर ठगी
- बिजनेस पार्टनर बनकर निवेश के नाम पर पैसा ऐंठना
- रजनीगंधा ब्रांड की ब्रांड एंबेसडर बनकर इवेंट के नाम पर पैसा लेना
- ठेकेदार बन सरकारी योजनाओं के नाम पर लोगों को ठगना
- मैट्रिमोनियल साइट्स पर शादी का झांसा देकर फर्जी केस की धमकी देना
- हाई-प्रोफाइल संपर्कों का झूठा दावा कर लोगों को रिझाना
अपराध का इतिहास
हीना रावत के खिलाफ उत्तराखंड और यूपी में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें नैनीताल, काशीपुर, मुरादाबाद, अमरोहा और रुद्रपुर थाने शामिल हैं।
पुलिस की अपील
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि इस तरह की शातिर महिलाओं से सतर्क रहने की जरूरत है और अगर किसी को इस महिला से जुड़े कोई तथ्य या ठगी से जुड़ा अनुभव हो तो वह आगे आए और पुलिस को सूचित करे।
