
📰 समाचार प्लस लाइव | श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर
अमरनाथ गुफा में पुजारियों ने शिवलिंग की पहली आरती की, बर्फानी बाबा के जयकारों से गूंजे हिमालय
जम्मू-कश्मीर,श्रद्धा और आस्था के प्रतीक बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा में आज प्रातः काल पुजारियों द्वारा शिवलिंग की पहली आरती संपन्न की गई। पारंपरिक विधि-विधान से हुई इस आरती में मंत्रोच्चारण और भजन की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
हर वर्ष की तरह इस बार भी अमरनाथ यात्रा के शुभारंभ से पहले बाबा बर्फानी के शिवलिंग का दर्शन और पूजा विशेष महत्व रखता है। आज सुबह की आरती में पुजारियों ने दीप जलाकर, पुष्प अर्पित कर और मंत्रों के साथ बाबा की आराधना की।
गुफा के भीतर शिवलिंग के दर्शन के लिए श्रद्धालु बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं। आरती की तस्वीरें और वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस बार शिवलिंग का आकार विशेष रूप से विशाल और प्रभावशाली है, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
बाबा अमरनाथ की वार्षिक यात्रा का औपचारिक शुभारंभ कुछ ही दिनों में होगा। इस बीच प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। भारी संख्या में श्रद्धालु देशभर से यात्रा के लिए जम्मू पहुंच रहे हैं।
श्रद्धालुओं में उत्साह, प्रशासन तैयार
बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए पूरे भारत से लाखों श्रद्धालु हर साल पवित्र गुफा की कठिन यात्रा पर निकलते हैं। अमरनाथ यात्रा सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था और विश्वास का पर्व है, जो हर वर्ष शिवभक्तों को हिमालय की ऊंचाइयों तक खींच लाता है।
