राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी कोटद्वार में उद्यमिता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत औद्योगिक भ्रमण…. 

ख़बर शेयर करें -

कोटद्वार – राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी, कोटद्वार में संचालित उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP) के अंतर्गत प्रतिभागियों को स्थानीय स्तर पर स्थापित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का शैक्षणिक भ्रमण करवाया गया। यह भ्रमण देवभूमि उद्यमिता योजना के नोडल अधिकारी डॉ. विनय देवलाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

प्रतिभागियों ने फ्रेश फोम फार्म, बैकयार्ड ऑर्नामेंटल रियरिंग यूनिट, डेयरी फार्मिंग, वर्मी कम्पोस्ट, फल उत्पादन, पोल्ट्री फार्म, मशरूम उत्पादन इकाइयों तथा कण्वम सर्विसेज (मिनरल वॉटर, डिस्टिल्ड वॉटर, बॉटलिंग सेवाएं) जैसी इकाइयों का भ्रमण किया और उनकी कार्यप्रणाली की गहराई से जानकारी प्राप्त की।

स्थानीय उद्यमी वेद सिंह गुसाईं ने एकीकृत कृषि प्रणाली की उपयोगिता बताते हुए कहा कि यह छोटे और सीमांत किसानों के लिए एक प्रभावी विकल्प है, जो संसाधनों के बेहतर उपयोग, उत्पादकता में वृद्धि और आय के विविध स्रोतों के विकास में सहायक हो सकती है।

उद्यमी सुभाष जखमोला द्वारा स्थापित कण्वम सर्विसेज का भ्रमण करते हुए प्रतिभागियों ने लेबलिंग, पैकेजिंग और उत्पादन प्रक्रियाओं को प्रत्यक्ष रूप से देखा और सीखा। यह यूनिट कोटद्वार व आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी अपने उत्पादों की पहचान बना चुकी है।

विनोद बहुखंडी द्वारा विकसित फलोद्यान और डेयरी फार्मिंग इकाई के भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने उन्नत किस्म के फलदार वृक्षों, दुग्ध उत्पादन तकनीकों और मशरूम उत्पादन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।

इसके अतिरिक्त, पूर्व प्रतिभागी शुभम रावत द्वारा स्थापित “द बेकर्स टेबल” का भी भ्रमण किया गया, जो स्थानीय स्तर पर नवाचार और स्वरोजगार का एक प्रेरणादायक उदाहरण है।

इस शैक्षिक भ्रमण के दौरान देवभूमि उद्यमिता विकास केंद्र से डॉ. उषा सिंह और आशीष कुमार उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति से प्रतिभागियों को मार्गदर्शन और प्रेरणा प्राप्त हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *