रुद्रपुर में कृषक बंधु बैठक आयोजित, किसानों की समस्याओं पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश….

ख़बर शेयर करें -

रूद्रपुरमुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आज रुद्रपुर में कृषक बंधु बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद के प्रमुख किसान संगठनों और विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर गहन चर्चा की गई और कई महत्त्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

किसानों ने बैठक में नहरों की सफाई, डैमों से मलुआ हटाने, उद्योगों द्वारा छोड़े जा रहे प्रदूषित जल, ट्यूबवेल कनेक्शन पर जमानत राशि, गन्ना मूल्य भुगतान, धान खरीद केंद्रों की संख्या बढ़ाने और सोलर कनेक्शन पर अनुदान बहाल करने जैसी माँगें रखीं।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें तथा किसानों को जानकारी भी दी जाए। सिंचाई विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि जून के अंत तक नहरों की सफाई पूरी कर ली जाएगी। प्रदूषण विभाग को निर्देश दिए गए कि उद्योगों के पानी के नमूने लेकर जांच कराएं और मानक के अनुरूप न पाए जाने पर कठोर कार्यवाही करें।

गन्ना विभाग ने बताया कि ₹394 करोड़ में से ₹299 करोड़ का भुगतान हो चुका है और शेष राशि मई के अंत तक किसानों को मिल जाएगी। धान की अधिक उपज को देखते हुए खरीद केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

बैठक में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक), तराई किसान यूनियन समेत अनेक किसान प्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। यह बैठक किसानों और प्रशासन के बीच समन्वय को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास सिद्ध हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *