नजूल की समस्या को लेकर महापौर ने सीएम को सौंपा ज्ञापन

ख़बर शेयर करें -

रूद्रपुर- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के काशीपुर आगमन के दौरान रूद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने नजूल भूमि पर मालिकाना हक की समस्याओं को लेकर उन्हें ज्ञापन सौंपा और समस्या का स्थाई समाधान करने का अनुरोध किया। सीएम धामी बुधवार को काशीपुर में एआरटीओ कार्यालय एवं ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक का लोकार्पण करने पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में रूद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने भी पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिह धामी का आशीर्वाद लिया और उनसे रूद्रपुर नगर निगम क्षेत्र से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर गुफ्तगू की। इस दौरान महापौर विकास शर्मा ने मुख्यमंत्री को नजूल भूमि पर मालिकाना हक मिलने में आ रही दिक्कतों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। महापौर ने ज्ञापन में कहा कि रूद्रपुर में नजूल भूमि की सबसे बड़ी समस्या का अभी तक पूरी तरह समाधान नहीं हो पाया है। वर्तमान में करीब 24 हजार से अधिक परिवार नजूल भूमि पर निवासरत हैं।

 

पूर्व में आपके द्वारा 50 वर्ग मीटर तक की नजूल भूमि पर काबिज लोगों को निःशुल्क मालिकाना हक देने की घोषणा की गयी थी जिसके तहत सैकड़ों लोगों को पट्टे मिल चुके हैं लेकिन इनमें अधिकांश परिवार निर्धन तबके के होने के कारण पट्टों की रजिस्ट्री का शुल्क जमा करने की स्थिति में नहीं हैं । अतः इन परिवारों का रजिस्ट्री शुल्क जनहित में माफ करके इन्हें राहत प्रदान की जाये। इसके साथ ही मेयर ने कहा कि 50 वर्ग मीटर से अधिक नजूल भूमि पर वर्षों से काबिज हजारों परिवार अभी तक नजूल भूमि पर मालिकाना हक से वंचित है, माननीय न्यायालय के आदेश पर मालिकाना की कार्यवाही वर्तमान में रूकी हुयी है। मालिकाना हक के लिए पूर्व में बड़ी संख्या में लोगों द्वारा फ्रीहोल्ड के लिए प्रथम किश्त का भुगतान भी किया जा चुका है, मालिकाना हक नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी है। उन्होंने सीएम धामी से व्यापक जनहित के इस विषय पर व्यक्तिगत रूचि लेते हुए इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए कार्यवाही करने करने का अनुरोध किया। सीएम धामी ने मामले में सहानुभूति पूर्वक विचार करने का आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार के लिए जनहित सर्वोपरि है, जनहित में जो भी उचित होगा वह निर्णय लिया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *