तीन माह में धरातल पर उतरने लगे वायदे: महापौर विकास शर्मा….

ख़बर शेयर करें -

रूद्रपुर नगर निगम रूद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने अपने कार्यकाल के तीन महीने के भीतर वादों को धरातल पर उतारते हुए शुक्रवार को आवास विकास कॉलोनी में नगर निगम के पहले जोनल कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। इस कार्यालय के माध्यम से अब छह वार्डों के लोगों को नगर निगम की 10 प्रमुख सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी।

महापौर ने कहा कि नगर निगम अब केवल नाली-सड़क निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शहर के चहुंमुखी विकास के लिए योजनाओं को गति दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जोनल कार्यालय में सीएससी सेंटर, आधार कार्ड अपडेट सुविधा, तथा भविष्य में निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं भी शुरू की जाएंगी। इसके लिए मेडिकल कॉलेज से बातचीत हो चुकी है।

महापौर ने बताया कि तीन महीनों में वेंडिंग जोन का संचालन, गांधी पार्क के लिए 5 करोड़ की डीपीआर, 710 करोड़ की जल निकासी योजना, और बाजार को अतिक्रमण मुक्त बनाने की शुरुआत जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं अमल में लाई जा चुकी हैं। साथ ही, अपात्र लोगों के राशन कार्ड निरस्त करने और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने हेतु सर्वे भी शुरू कर दिया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि धामी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को नगर निगम में सख्ती से लागू किया जा रहा है। सड़कों पर गरीब ठेली वालों से अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। निगम अब गरीब ठेली विक्रेताओं को पहचान दिलाकर उन्हें दुकानें उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है।

कार्यक्रम के दौरान महिला स्वयं सहायता समूहों को पार्कों के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई और कई स्थानीय नागरिकों को नगर निगम से संबंधित प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इस अवसर पर नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल, सहायक नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, राजू नबियाल, विभिन्न पार्षदों और नागरिकों की उपस्थिति रही।

महापौर ने अंत में कहा, “जनता ने जो समय हमें दिया है, उसे पूरी ईमानदारी से शहर के विकास में लगाया जाएगा। अगर सभी मिलकर काम करें, तो रूद्रपुर नगर निगम उत्तराखंड का नंबर वन नगर निगम बनकर उभरेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *