महापौर विकास शर्मा ने नामित पार्षदों का किया स्वागत, जनसेवा और शहर के विकास में निभाएंगे अहम भूमिका

महापौर विकास शर्मा ने नामित पार्षदों का किया स्वागत, जनसेवा और शहर के विकास में निभाएंगे अहम भूमिका

रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर के नवनियुक्त नामित पार्षदों का महापौर विकास शर्मा ने अपने आवास पर स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित कर सम्मान किया। इस अवसर पर सभी नामित पार्षदों को फूल-मालाएं पहनाकर और पटका ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। महापौर ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और शहर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

प्रदेश सरकार द्वारा नामित पार्षद संदीप वाल्मीकि, नरेश उप्रेती, राजन राठौर, विवेक रावत, अमित मिश्रा, जितेंद्र मौर्य और सतनाम सिंह ‘पप्पू’ का कार्यक्रम में विशेष रूप से स्वागत किया गया। सभी नामित पार्षदों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महापौर विकास शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा जनता और संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश संगठन ने लंबे समय से पार्टी और जनसेवा में सक्रिय कार्यकर्ताओं को नगर निगम में नामित पार्षद बनाकर उनके योगदान का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि इनकी सक्रिय भागीदारी से नगर निगम के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और जनसमस्याओं के समाधान में भी तेजी आएगी।

उन्होंने कहा कि नामित पार्षद वार्डों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ नगर निगम तक पहुंचाएंगे, जिससे समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

महापौर ने कहा कि नगर निगम की पूरी टीम जनप्रतिनिधियों और नामित पार्षदों के सहयोग से रुद्रपुर को स्वच्छ, व्यवस्थित, आधुनिक और उत्तराखंड के अग्रणी शहर के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से शहर विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

इस दौरान महापौर ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का भी उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने कहा कि नामित पार्षद संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और सभी मिलकर प्रदेश में पुनः भाजपा सरकार बनाने के लिए कार्य करेंगे।

कार्यक्रम में पार्षद संघ के अध्यक्ष राजेश जगा, भाजपा जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सोनू मुल्तानी, पार्षद बीनू, पवन राणा, नूरुद्दीन, चंद्रसेन चंदा, संतोष गुप्ता, विष्णु, भाजपा नेता कमल पाल, अजय कुमार, रंजीत आजाद, रणवीर विनोद, मुकुल, रोहित बिट्टू वाल्मीकि, सुनील रोहतगी, राजपाल चौधरी, अरुण, वंश सागर, अनमोल, धर्मेंद्र, गोलू चीमा, अजय मलिक, राजेंद्र शर्मा, शिवशंकर, अमन चौधरी, मनीष, आकाश रस्तोगी, सतनाम सिंह, प्रमोद शाहनी, तुषार कोचर, विनय चौधरी, दीपक बाना, धीरज सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।