कौशांबी: युवती की अर्धनग्न हालत में मिली लाश, जांच जारी

ख़बर शेयर करें -

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में युवती की हत्या का मामला सामने आया है। कोतवाली इलाके में रविवार की रात घर की दूसरी मंजिल पर कमरे में सो रही डाककर्मी की बेटी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। आशंका जताई जा रही है कि दुष्कर्म के बाद वारदात को अंजाम दिया गया है। सूचना पर एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने एएसपी राजेश कुमार सिंह व कई थानों की फोर्स के साथ मौका मुआयना किया। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। मामले में पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, डाककर्मी की ओर से गांव में ही दूसरे मकान का निर्माण कराया जा रहा है। ऐसे में रविवार की रात खाना खाने के बाद वह निर्माणाधीन मकान में पत्नी के साथ सोने चले गए, जबकि 25 वर्षीय बेटी पुराने घर में दूसरी मंजिल पर बने कमरे में सोने के लिए चली गई। पिता ने बताया कि सोमवार सुबह पुराने घर पहुंचकर उन्होंने बेटी को आवाज लगाई, लेकिन जवाब नहीं मिला।

 

इसके बाद पड़ोसी के घर की छत फांदकर जब वह बेटी के कमरे में पहुंचे तो वहां खून से लथपथ उसका शव पड़ा था। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अर्द्धनग्न अवस्था में चारपाई पर पड़ी युवती के गले और दोनों हाथ की हथेलियों को हंसिया से रेतकर हत्या की गई थी। कमरे में हंसिया भी मिली, जिस पर खून लगा था। सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव की हालत देखकर दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि कातिल कौन हैं, इस बारे में परिजन कुछ नहीं बता पा रहे हैं। सीओ कौशाम्बी अभिषेक सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मौके से तमाम साक्ष्य एकत्रित कर कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। संदेह के दायरे में आए कुछ लोगों से पूछताछ भी हो रही है। जल्द घटना का खुलासा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *