पिकनिक की खुशी मातम में बदली — युवक की गड्ढे में डूबने से दर्दनाक मौत….

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल: शुक्रवार को पिकनिक मनाने गए एक 19 वर्षीय युवक की बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा ज्योली-रानीबाग मोटर मार्ग पर उस स्थान पर हुआ जहाँ पुल निर्माण कार्य चल रहा है। मृतक की पहचान कुलदीप फर्त्याल निवासी दमुवाढूंगा, काठगोदाम के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुलदीप अपने बड़े भाई मनीष फर्त्याल और दोस्तों — हिमांशु चंदन, पंकज और विजय के साथ पिकनिक मनाने गया था। वहां सभी नहा रहे थे, तभी कुलदीप अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसके भाई ने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही ज्योलीकोट चौकी इंचार्ज श्याम सिंह बोरा, काठगोदाम पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी मशीन की मदद से गड्ढे से पानी निकाला गया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद एसडीआरएफ ने युवक के शव को बाहर निकाला।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल निर्माण के चलते नाले का पानी छोटी नालियों से निकाला जा रहा था, लेकिन हाल की भारी बारिश के कारण नालियां बंद हो गईं और वहां एक बड़ा गड्ढा बन गया। इसी स्थान को कुछ लोग पिकनिक स्पॉट के तौर पर इस्तेमाल करने लगे थे।

यह हादसा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माणाधीन स्थानों के आस-पास चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और असुरक्षित स्थलों को आम जनता के लिए प्रतिबंधित किया जाए।

कुलदीप की असमय मृत्यु से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *