राज्य में मौसम ने ली करवट आंधी बारिश से गर्मी से राहत….

ख़बर शेयर करें -

मौसम ख़राब होने की वजह से सीएम धामी के हेलीकॉप्टर ने की इमरजेंसी लैंडिंग

रुद्रपुर-(एम सलीम खान) नैनीताल उत्तराखंड प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। मंगलवार को गढ़वाल और कुमाऊं के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश हुई। सरोवर नगरी नैनीताल में सुबह से शुरू हुई बारिश से जहां मौसम सुहाना हो गया तो वहीं जगह-जगह पत्थर गिरने से अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। नैनीताल जिले में कई जगह पेड़ उखड़ने और पत्थर गिरने से लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

 

हल्द्वानी और उधम सिंह नगर में आंधी चलने से कुछ देर के लिए जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। जिसके बाद तेज बारिश हुई। अधिकतर जगह पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति के साथ यातायात भी ठप हो गया। राजधानी देहरादून में भी मौसम का मिजाज बदलता रहा। कभी धूप तो कभी बारिश से मौसम सुहाना बना रहा। मौसम विभाग ने 2 दिन और बारिश के आसार जताए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हेलीकॉप्टर से देहरादून लौट रहे थे कि मौसम खराब होने के कारण पंतनगर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।

 

उपचुनाव में नामांकन के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा से देहरादून के लिए लौट रहे थे। पूर्वाह्न करीब 11:00 बजे मौसम खराब हो गया।तेज आंधी चलने लगी तो मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर को पंतनगर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। करीब 1 घंटे मुख्यमंत्री एयरपोर्ट पर ही रहे। दोपहर 12:40 बजे मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर देहरादून के लिए उड़ान भर सका। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *