खटीमा में महिला हत्या कांड का खुलासा, रेलवे पटरी के पास कट्टे में मिला था शव—शातिर आरोपी गिरफ्तार

खटीमा में महिला हत्या कांड का खुलासा, रेलवे पटरी के पास कट्टे में मिला था शव—शातिर आरोपी गिरफ्तार

 

उधम सिंह नगर के खटीमा में मिली महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। रेलवे पटरी के पास झाड़ियों में कट्टे से बरामद शव की जांच में सामने आए तथ्य चौंकाने वाले हैं। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी उदयवीर शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पूरे मामले का खुलासा एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने किया।

क्या था मामला

1 नवंबर की रात खटीमा सब्जी मंडी के पीछे रेलवे लाइन के पास झाड़ियों में एक पीले रंग के कट्टे में महिला का शव मिला था। पहचान न होने पर पुलिस ने मामले की जांच तेज की। बाद में शव की पहचान पकडिया निवासी 24 वर्षीय सुनीता के रूप में हुई।

तेज़ी से काम पर लगी पुलिस टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधमसिंहनगर मणिकांत मिश्रा ने तुरंत कई टीमें गठित कर दीं।

पुलिस ने

✅ 400 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले

✅ आसपास के लोगों से पूछताछ की

✅ मुखबिरों से मिली जानकारी को मिलाकर घटनाक्रम जोड़ा

फुटेज में मृतका अंतिम बार एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल पर जाती दिखाई दी। यही सुराग जांच को आगे बढ़ाने का बड़ा आधार बना।

इस तरह पकड़ा गया आरोपी

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ठेकेदार उदयवीर शर्मा (59 वर्ष) तक पहुँची, जो घटना के बाद अचानक अपना किराए का कमरा खाली कर गया था।

9 नवंबर को पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

क्या बताया आरोपी ने

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि

– 30 अक्टूबर की शाम मृतका उसे रास्ते में मिली

– वह उसे अपनी बाइक पर बैठाकर होटल बेस्ट व्यू के पास स्थित कमरे पर ले गया

– मृतका द्वारा पैसे मांगने और झूठा केस दर्ज कराने की धमकी देने पर उसने गुस्से में आकर मुँह और नाक दबाकर हत्या कर दी

अपनी बेटी की 22 नवंबर को होने वाली शादी और सामाजिक बदनामी के डर से उसने अपनी महिला मित्र और एक परिचित की मदद से शव को कट्टे में भरा और 31 अक्टूबर की दोपहर रेलवे पटरी के पास झाड़ियों में फेंक दिया।

मिले ये महत्वपूर्ण साक्ष्य

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने

– घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल

– आरोपी के कपड़े

– और शव से जुड़े पर्दों की तस्वीरें (जो आरोपी के मोबाइल में मिलीं)

बरामद कर लिए हैं।

आगे की कार्रवाई

पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।