
समाचार प्लस लाइव | रुद्रपुर के जगतपुरा में युवक ने की आत्महत्या
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित मौहल्ला जगतपुरा में बुधवार प्रातः एक युवक ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 40 वर्षीय राजू पुत्र नैनसुख के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी और तीन छोटी बेटियों के साथ किराए के कमरे में रहता था। वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह राजू और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी कमरे से बाहर चली गई। राजू ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और कुछ देर बाद उसकी पत्नी ने पड़ोसियों को जानकारी दी। पड़ोसी जब कमरे में झांक कर देखे तो राजू को फांसी पर लटका हुआ पाया।
सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को फांसी से उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
