समाचार प्लस लाइव | रुद्रपुर की खेड़ा बस्ती में तड़तड़ाई गोलियां, एक युवक घायल, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
रुद्रपुर। बुधवार देर रात खेड़ा बस्ती गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठी जब कुछ हथियारबंद युवकों ने सरेआम अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में मोहम्मद इमरान नामक युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल मनोज रतूड़ी, चौकी प्रभारी रंपुरा प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
पीड़ित इमरान ने बताया कि वार्ड-17 खेड़ा बस्ती स्थित पीपल के पेड़ वाले चौराहे पर वह और उसके पिता हारून किसी झगड़े की आवाज सुनकर पहुंचे थे। वहां देखा कि नंदन उर्फ चंदन यादव, ईजाज और रिजवी मिलकर अयान नामक युवक को पीट रहे थे। जब इमरान ने बीच-बचाव की कोशिश की तो चंदन ने पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे एक गोली इमरान के दाहिने हाथ में लग गई।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गोलीबारी में जिस पिस्टल का इस्तेमाल किया गया वह लाइसेंसी थी या अवैध, इसकी भी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल तनाव को देखते हुए क्षेत्र में फोर्स तैनात है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।” — कोतवाल मनोज रतूड़ी
