
हल्द्वानी (नैनीताल)। नैनीताल जिले के बनभूलपुरा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पत्नी पर हाथ उठाने की कीमत एक व्यक्ति को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। नाराज सालों ने मिलकर युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर तीनों आरोपी फरार हो गए। बनभूलपुरा पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
साले पहुंचे और बरपा दिया कहर
मूलरूप से दरियाबाग, बाराबंकी (उत्तर प्रदेश) निवासी 27 वर्षीय अमरीका अपनी पत्नी आशा और बच्चों के साथ बनभूलपुरा थाना क्षेत्र की गफूर बस्ती में ससुराल में ही रह रहा था। वह कूड़ा बीनकर परिवार का पालन-पोषण करता था। सोमवार रात किसी बात को लेकर अमरीका और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसमें उसने गुस्से में आकर पत्नी पर हाथ उठा दिया।
पत्नी ने यह बात अपने भाइयों संजय, मनोज और देवा को बताई तो तीनों आगबबूला हो गए। बहन के साथ मारपीट की खबर मिलते ही तीनों साले मौके पर पहुंचे और अमरीका पर हमला बोल दिया। उन्होंने तब तक पीटा जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। मोहल्ले वालों के विरोध करने पर आरोपी फरार हो गए।
इलाज के दौरान मौत, पुलिस कर रही तलाश
मंगलवार सुबह जब अमरीका की मौसी उसे देखने पहुंची तो उसकी हालत गंभीर थी। उसे इलाज के लिए ले जाया गया लेकिन अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
पुलिस का बयान
थाना बनभूलपुरा पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद से तीनों आरोपी फरार हैं, लेकिन जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हत्या के पीछे घरेलू विवाद और भावनात्मक उबाल बताया जा रहा है।
