
जसपुर मे बिना डॉक्टर चल रहीं लैबों पर बड़ी कार्रवाई, तीन पैथोलॉजी लैब सील, एक्स-रे सेंटर संचालक फरार
जसपुर (ऊधमसिंहनगर)। बिना प्रशिक्षित डॉक्टर के मल, मूत्र और खून की जांच कर रहे लैब सेंटरों पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सीएमओ के निर्देश पर स्वास्थ्य व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को जसपुर क्षेत्र में तीन पैथोलॉजी लैबों को सील कर दिया। छापेमारी की भनक लगते ही कई लैब संचालक दुकानें बंद कर मौके से फरार हो गए।
शिकायतकर्ता ने खोली पोल
मोहल्ला भूप सिंह निवासी अमित कुमार ने सांसद व स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी कि सरकारी अस्पताल स्थित लैबों में अप्रशिक्षित लोग जांच रिपोर्ट तैयार कर मरीजों के जीवन से खिलवाड़ कर रहे हैं। प्रशिक्षित डॉक्टरों के नाम व लेटरपैड का गलत इस्तेमाल किया जा रहा था, जबकि वे डॉक्टर मौके पर मौजूद ही नहीं रहते।
डिप्टी सीएमओ ने की छापेमारी
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी सीएमओ डॉ. डीपी सिंह और एसीएमओ डॉ. एसपी सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य और राजस्व विभाग की टीम ने सरकारी अस्पताल मार्ग पर स्थित ओम, एनएस और स्वास्तिक पैथोलॉजी लैब में छापा मारा। दस्तावेजों की जांच में सभी आरोप सही पाए गए, जिसके बाद टीम ने तीनों लैबों को सील कर दिया। टीम में डॉ. आशु सिंघल, धीरेंद्र नेगी और एसआई ललित सिंह भी शामिल थे।
एक्स-रे सेंटर संचालक मौके से फरार
सरकारी अस्पताल में स्थित सिंह और एओ डिजिटल एक्स-रे मशीन सेंटर भी कार्रवाई की जद में थे, लेकिन छापेमारी की सूचना मिलते ही दोनों सेंटरों के संचालक दुकानें बंद कर फरार हो गए। टीम को इन सेंटरों पर कार्रवाई का मौका नहीं मिल सका।
सीएमओ का बयान
सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि जसपुर क्षेत्र में लंबे समय से बिना मानकों के लैब और एक्स-रे सेंटर संचालित किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी को लेकर जांच टीम गठित की गई थी, जिसने मौके पर दोषी पाए जाने पर तीन लैबों को सील किया है।
