
समाचार प्लस लाइव ऋषिकेश उत्तराखंड
ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: टैक्सी और बस की आमने-सामने भिड़ंत, छह घायल
देवप्रयाग (उत्तराखंड)। ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। देवप्रयाग के पास रघुनाथ होटल के समीप हिमगिरी बस और एक टैक्सी की आमने-सामने से जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे के वक्त मौके पर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। घटना में टैक्सी सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत सीएचसी पाली पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
गलत साइड में चला टैक्सी चालक, बनी हादसे की वजह
मिली जानकारी के अनुसार श्रीनगर से ऋषिकेश की ओर जा रही हिमगिरी नामक बस और ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही एक टैक्सी रघुनाथ होटल के पास आमने-सामने टकरा गई। बताया जा रहा है कि टैक्सी चालक द्वारा गलत साइड में वाहन चलाने की वजह से यह भयानक हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैक्सी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार छह यात्री घायल हो गए। एक यात्री की हड्डियों में फ्रैक्चर की भी पुष्टि हुई है।
पुलिस की तत्परता से घायलों की जान बची
हादसे की सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत पुलिस वाहन से सीएचसी पाली में भर्ती कराया गया। घायल यात्रियों की पहचान निम्न प्रकार से हुई है:
मोक्षिका कश्यप (6 वर्ष) पुत्री मनीष कश्यप, सदर बाजार, दिल्ली
कामनी कश्यप (49 वर्ष) पत्नी मनीष कश्यप, दिल्ली
सरोज कदम पुत्री राजेंद्र कुमार, दिल्ली
मुन्नी देवी पत्नी राजेंद्र कुमार
राजेश पुत्र शिव पुजन, ग्राम बधोली, संतकबीरनगर
पूनम पत्नी राजेश, ग्राम बधोली, संतकबीरनगर
सभी घायलों का इलाज देवप्रयाग के सीएचसी पाली में जारी है। पुलिस द्वारा परिजनों को सूचित कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
