देहरादून में BJP नेता की गोली मारकर हत्या, एक युवती को लेकर रंजिश बनी खूनी वारदात की वजह! आरोपी अजहर मलिक की तलाश तेज

ख़बर शेयर करें -

समाचार प्लस लाइव,देहरादून उत्तराखंड

देहरादून में BJP नेता की गोली मारकर हत्या, एक युवती को लेकर रंजिश बनी खूनी वारदात की वजह! आरोपी अजहर मलिक की तलाश तेज

देहरादून (उत्तराखंड)। राजधानी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दो बाइक सवार युवकों ने भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्ष रोहित नेगी पर सरेआम फायरिंग कर दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल रोहित को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या की यह सनसनीखेज वारदात एक युवती को लेकर चली आ रही रंजिश का परिणाम बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में अजहर मलिक नामक युवक को मुख्य आरोपी मानते हुए तलाश शुरू कर दी है।

घटना कैसे घटी?

पुलिस के अनुसार, मृतक रोहित नेगी अपने दोस्तों के साथ पीपल चौक मांडुवाला में कार में बैठे थे। इसी दौरान बाइक पर आए दो युवकों ने अचानक कार पर फायर झोंक दिया। गोली रोहित की गर्दन में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। साथ मौजूद दोस्त अभिषेक बर्तवाल ने रोहित को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

महिला मित्र को लेकर बढ़ा था विवाद

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह वारदात रोहित नेगी के एक दोस्त की महिला मित्र को लेकर शुरू हुए विवाद का परिणाम थी। उक्त युवती की पहचान मुख्य आरोपी अजहर मलिक से भी थी। सोमवार रात नयागांव स्थित एक दोस्त के घर पर पार्टी के दौरान युवती को आरोपी अजहर का फोन आया, जिस पर दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस हुई। पुलिस का कहना है कि इसी झगड़े के बाद अजहर ने अपने एक साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और गोली चला दी।

रोहित को नहीं था किसी दुश्मनी का अंदेशा

अभिषेक बर्तवाल की तहरीर के अनुसार रोहित नेगी को किसी से जान का खतरा नहीं था। वे सामाजिक रूप से सक्रिय और मिलनसार व्यक्ति थे। लेकिन महिला मित्रता और व्यक्तिगत रंजिश ने उनकी जान ले ली।

क्या है पुलिस की तैयारी?

एसपी सिटी प्रमोद शाह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। चार टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी अजहर मलिक मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) का मूल निवासी है।

क्या है सूत्रों की जानकारी?

घटना के पीछे की वजह एक युवती मानी जा रही है, जो मुस्लिम समुदाय से संबंध रखती है और मृतक रोहित नेगी के दोस्त के साथ रह रही थी। यह बात आरोपी अजहर को नागवार गुज़री। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले से तनाव था, जो आखिरकार खूनी रंजिश में बदल गया।

पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *