
समाचार प्लस लाइव 11 लाख देकर भी नहीं मिली जमीन! महिला से प्लॉट खरीद के नाम पर धोखाधड़ी, कमिश्नर के आदेश पर रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर, 30 जून — बागेश्वर की एक महिला से जमीन खरीद के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने अब धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार श्रीमती मंसा देवी पत्नी चंचल सिंह गढ़िया, निवासी ग्राम बमसेरा, पोस्ट भराड़ी, तहसील कपकोट, जिला बागेश्वर ने कमिश्नर कुमाऊं को शिकायत सौंपते हुए बताया कि वर्ष 2018 में उन्होंने रुद्रपुर के संतलाल पुत्र देशराज, निवासी वार्ड नंबर 15, इन्द्रा कॉलोनी से एक भूखंड खरीदा था।
यह जमीन 30×60 वर्गफुट (कुल 1800 वर्गफुट) की थी। इस सौदे की मध्यस्थता प्रॉपर्टी डीलर सतपाल यादव, निवासी अलास्का ग्रीन कॉलोनी, रुद्रपुर, द्वारा की गई थी।
महिला के अनुसार, उन्होंने किस्तों में कुल ₹11,06,500 (नकद व बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से) का भुगतान कर जमीन की रजिस्ट्री भी कराई। लेकिन जब उन्होंने पैमाइश और दाखिल-खारिज की प्रक्रिया शुरू की, तो पटवारी मुनीश गिरी ने जांच में बताया कि ऐसी कोई जमीन मौके पर मौजूद ही नहीं है, और न ही उसका कोई वैध रिकॉर्ड है।
महिला ने जब इस धोखाधड़ी की जानकारी अफसरों को दी तो मामला कमिश्नर के संज्ञान में लाया गया। उन्होंने तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब जांच की जा रही है।
फिलहाल प्रॉपर्टी डीलर सतपाल यादव भी पुलिस के रडार पर आ गया है। मामले में जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।
