📰 समाचार प्लस लाइव
सिडकुल में फंदे से लटका मिला युवक का शव, आत्महत्या से पहले परिजनों को भेजा था वीडियो
रुद्रपुर, 30 जून — आज सुबह सिडकुल क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब रिद्धि सिद्धि फैक्ट्री के पास एक पेड़ पर युवक का फंदे से लटका शव मिला। सूचना मिलते ही सिडकुल चौकी प्रभारी गणेश भट्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गोबिंद कुमार (24 वर्ष) पुत्र रामचरण, निवासी मछली तालाब वाली गली, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर, (मूल निवासी: तहसील तिलहर, थाना मैदना पुर, जिला शाहजहांपुर, यूपी) के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि आज सुबह गोबिंद दवाई लेने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन काफी देर बाद भी जब वह नहीं लौटा तो चिंता हुई। इसके कुछ समय बाद उन्हें एक वीडियो मिला जिसमें गोबिंद ने आत्महत्या स्थल की लोकेशन शेयर की थी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों ने किसी भी प्रकार की दुश्मनी या विवाद से इनकार किया है, लेकिन आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
परिजनों ने बताया कि गोबिंद के तीन भाई हैं, जिनमें से दो भाई रुद्रपुर में उसके साथ रहते हैं और सिडकुल की फैक्ट्री में कार्यरत हैं, जबकि तीसरा भाई गांव में ही है।
फिलहाल पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, अंतिम वीडियो और मानसिक स्थिति से संबंधित पहलुओं की जांच कर रही है।
