SSP मणिकांत मिश्रा का काशीपुर में बड़ा एक्शन! विवेचनाएं, पंचायत चुनाव, कांवड़ मेला और नशा तस्करों पर एक साथ सख्ती

SSP मणिकांत मिश्रा का काशीपुर में बड़ा एक्शन!

विवेचनाएं, पंचायत चुनाव, कांवड़ मेला और नशा तस्करों पर एक साथ सख्ती

काशीपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर के पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने कोतवाली काशीपुर में सर्किल अंतर्गत सभी थानों के विवेचकों की समीक्षा बैठक लेकर लंबित व पुनर्विवेचना प्रकरणों की स्थिति का गहन विश्लेषण किया। बुधवार देर रात हुई इस विशेष बैठक में कोतवाली काशीपुर, कोतवाली जसपुर, थाना कुंडा तथा थाना आईटीआई के विवेचकों को बुलाकर ऑर्डरली रूम के माध्यम से उनके कार्यों की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विवेचनाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापरक होनी चाहिए, ताकि जनता को न्याय समय से मिल सके। उन्होंने कहा कि पुनर्विवेचना प्रकरणों में विशेष सावधानी बरतते हुए निष्पक्षता और साक्ष्य आधारित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आगामी कांवड़ मेला और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर भी सतर्कता बरतने की आवश्यकता जताई गई। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की रणनीति पर अभी से कार्य किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। पंचायत चुनाव के दृष्टिगत संवेदनशील बूथों की पहचान कर विशेष सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के अंतर्गत दर्ज सभी मुकदमों के शीघ्र निस्तारण की आवश्यकता दोहराई गई। साथ ही साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों एवं आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने को कहा गया। ड्रग फ्री देवभूमि अभियान की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को नशीले पदार्थों की तस्करी पर कठोर कार्रवाई करने, सूचना तंत्र को सक्रिय रखने और सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा। इसके अतिरिक्त सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु प्रभावी वाहन चेकिंग और चालानी कार्रवाई को लेकर भी निर्देश जारी किए गए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी हर शिकायत का समाधान त्वरित, पारदर्शी और न्यायसंगत होना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।