बिलासपुर रोड फ्लाईओवर पर मौत की टक्कर — ट्रांसफार्मर गिरा, ट्रैक्टर चकनाचूर, एक की मौत, दो घायल

ख़बर शेयर करें -

बिलासपुर रोड फ्लाईओवर पर भीषण हादसा: कंटेनर-ट्रैक्टर की टक्कर में एक की मौत, दो घायल, कार भी चपेट में

समाचार प्लस लाइव रुद्रपुर। बिलासपुर रोड फ्लाईओवर पर शुक्रवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। कंटेनर और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर में ट्रैक्टर सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में पास से गुजर रही एक कार भी चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद कंटेनर चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर से ट्रांसफार्मर लादकर आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली फ्लाईओवर पर वन-वे यातायात के बीच नारायण हॉस्पिटल के पास पहुंची ही थी कि पीछे से आ रहे कंटेनर (संख्या HR46E 3710) ने ओवरटेक करते समय जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली पर रखा भारी ट्रांसफार्मर ट्रैक्टर चालक पर गिर गया, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए।
राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची बिलासपुर थाना पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद फ्लाईओवर पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी, जबकि फरार चालक-परिचालक की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *