मंत्री पुत्र समेत तीन पर बीडीसी सदस्य के अपहरण का मुकदमा दर्ज, एसएसपी बोले—सकुशल बरामदगी के प्रयास जारी

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर: मंत्री पुत्र समेत तीन पर बीडीसी सदस्य के अपहरण का मुकदमा दर्ज, एसएसपी बोले—सकुशल बरामदगी के प्रयास जारी

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के केलाखेड़ा थाना क्षेत्र में बीडीसी सदस्य के लापता होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मंत्री पुत्र समेत ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी और पूर्व चेयरमैन पर अपहरण का मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने अपहृत बीडीसी सदस्य की तलाश शुरू कर दी है।

ग्राम भव्वा नगला निवासी मोहम्मद रफी पुत्र हसीतुल्ला ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनके पुत्र नफीस अली, जो हाल ही में भव्वा नगला से बीडीसी सदस्य पद पर निर्वाचित हुए हैं, को 31 जुलाई की रात मतगणना के बाद घर लौटते समय तमंचे के बल पर अगवा कर लिया गया।

रफी के अनुसार, तिराहे पर केलाखेड़ा के पूर्व चेयरमैन हामिद, बाजपुर के ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी जोरावर सिंह भुल्लर और बिलासपुर निवासी बलदेव सिंह औलख के पुत्र ने नफीस की कनपटी पर तमंचा लगाकर जबरन गाड़ी में डाल लिया और धमकी दी कि पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। रफी का कहना है कि सूचना देने के बावजूद स्थानीय पुलिस ने तुरंत कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने अपने पुत्र के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए तत्काल बरामदगी की मांग की।

इस मामले में एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि रफी की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नफीस की सकुशल बरामदगी के लिए टीम लगाई गई है। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *