एसएसपी मणिकांत मिश्रा का अपराधियों पर करारा प्रहार – 18 घंटे में थार लूट का मास्टरमाइंड तमंचे संग गिरफ्तार

रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के सख्त रुख और कुशल नेतृत्व में पुलिस ने मात्र 18 घंटे में थार लूट कांड का खुलासा कर लिया। पुलिस ने मुख्य मास्टरमाइंड रजनीश अरोड़ा उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया।

घटना का विवरण

दिनांक 04 सितंबर 2025 को वादी मोहित तोमर निवासी उत्तरी दिल्ली ने कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि 03 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे भगवानपुर स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास रजनीश अरोड़ा उर्फ सोनू व उसके साथियों ने लाठी-डंडों से हमला कर तमंचे की नोक पर उनकी थार जीप (HR-06-BJ-1611) लूट ली।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर वारदात का खुलासा और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

शातिर लुटेरा – संगठित गैंग का मास्टरमाइंड

गिरफ्तार अभियुक्त रजनीश अरोड़ा उर्फ सोनू कोई नया चेहरा नहीं, बल्कि आपराधिक गतिविधियों में लंबे समय से सक्रिय है। वह वाहन सौदों और कारोबार के नाम पर धोखाधड़ी कर चुका है और कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि की गहराई से जांच कर रही है और पुराने मामलों की छानबीन भी कर रही है।

गिरफ्तारी और बरामदगी

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 04 सितंबर को प्रीत विहार क्षेत्र से रजनीश अरोड़ा उर्फ सोनू पुत्र रविन्द्र अरोड़ा उर्फ गुल्लू निवासी इन्द्रा कालोनी, थाना रुद्रपुर को दबोचा। तलाशी में उसके पास से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

वांछित अभियुक्त

1. वंश मखीजा – लूट और अवैध हथियारों के मामलों में वांछित।

2. जग्गा प्रधान – कई बार हमले और हथियारबंदी की घटनाओं में शामिल।

3. राधेश्याम पंडित – जिसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

तीनों वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस लगातार दबिश बना रही है।

 

पुलिस टीम

प्रभारी निरीक्षक मनोज रतुड़ी, कोतवाली रुद्रपुर

व0उ0नि0 नवीन बुधानी

उ0नि0 होशियार सिंह

उ0नि0 चन्दन सिंह बिष्ट

का0 79 दीप चन्द्र

ऊधमसिंहनगर पुलिस का संदेश

जनपद पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ निरंतर अभियान चला रही है। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कानूनी कार्यवाही जारी रहेगी।