देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NDRF, SDRF और आपदा मित्र टीम से संवाद कर उनके सराहनीय कार्यों की तारीफ की। पीएम मोदी ने आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा को करीब से समझा और भरोसा दिलाया कि केंद्र व राज्य सरकार पूरी ताकत से हर प्रभावित के साथ खड़ी है।
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आपदा से क्षतिग्रस्त घर, स्कूल, होटल, खेत-बागान और बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण में कोई नियम आड़े आया तो उसमें बदलाव भी किया जाएगा।
देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में हुई उच्चस्तरीय बैठक में प्रधानमंत्री ने ₹1200 करोड़ की तात्कालिक वित्तीय मदद की घोषणा की। साथ ही आपदा में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को ₹2 लाख, घायलों को ₹50,000 और अनाथ हुए बच्चों को PM CARES for Children योजना से विशेष सहायता देने का ऐलान किया।
प्रधानमंत्री आवास योजना से क्षतिग्रस्त घरों के पुनर्निर्माण और सड़कों, विद्यालयों सहित ढांचागत कार्यों के लिए भी केंद्र सरकार हर स्तर पर सहयोग करेगी।
देवभूमि उत्तराखंड के लिए पीएम मोदी की इस संवेदनशीलता और त्वरित सहायता पर पूरे प्रदेश ने आभार जताया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार आपदा प्रभावित प्रदेशवासियों को राहत और पुनर्वास दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
