
शराब माफियाओं का काला धंधा बेनक़ाब… आबकारी विभाग की सटीक कार्रवाई में धरा गया तस्कर!
समाचार प्लस लाइव: उत्तराखंड की सरज़मीं को ज़हर पिलाने की साज़िश करने वाले शराब माफियाओं पर आबकारी विभाग ने तगड़ा प्रहार किया है। सीमावर्ती राज्य से अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी कर रुद्रपुर लाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।
ट्रांजिट कैंप – फुलसूंगा मार्ग पर तस्करी में लिप्त मारुति स्विफ्ट डिज़ायर (UP 16 BU 5444) दाखिल हुई, तभी आबकारी विभाग की टीम ने उसे घेर लिया। चालक ने बचने के लिए गाड़ी भगाने की कोशिश की, लेकिन विभाग की रणनीति और सख़्ती के आगे उसके मंसूबे चकनाचूर हो गए।
गाड़ी की तलाशी में इंपीरियल ब्लू व्हिस्की की 11 पेटी – करीब 450 से ज्यादा पव्वे बरामद हुए, जिनकी कीमत 90 हज़ार रुपये आंकी गई है। यह वही ज़हरीली शराब है, जो गांव-गांव और बस्ती-बस्ती में गरीब परिवारों की खुशियाँ छीन लेती और कई घरों के चिराग बुझा देती।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान विक्की पुत्र होरी लाल, निवासी रामपुर (उ.प्र.) के रूप में हुई है। आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जिला आबकारी अधिकारी ने साफ कहा है कि – “उत्तराखंड में शराब माफियाओं को पनपने नहीं दिया जाएगा। यह कार्रवाई एक चेतावनी है कि कानून के शिकंजे से बच पाना असंभव है।”
यह कार्रवाई सिर्फ शराब माफियाओं पर नहीं, बल्कि उन सभी पर करारा तमाचा है, जो समाज की जड़ों को खोखला करने की साज़िश में लगे हैं।
