उधमसिंह नगर को मिली पहली सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैम्पियनशिप की मेज़बानी, खेल मंत्री रेखा आर्या ने किया शुभारम्भ

ख़बर शेयर करें -

उधमसिंह नगर को मिली पहली सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैम्पियनशिप की मेज़बानी, खेल मंत्री रेखा आर्या ने किया शुभारम्भ

उधमसिंह नगर के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने अपनी खेल गतिविधियों में पहली बार फेंसिंग को शामिल किया है और इसकी मेज़बानी जिले को मिली है। मंगलवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) रुद्रपुर में आयोजित पहली सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैम्पियनशिप का शुभारम्भ प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने दीप प्रज्वलित कर किया।

यह प्रतियोगिता 30 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक चलेगी। उद्घाटन मुकाबले में डीपीएस के मुकुल और राजस्थान की ऑक्सफोर्ड अकादमी के प्रखर सिंह आमने-सामने हुए, जिसमें प्रखर सिंह ने 15-08 से जीत दर्ज की।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यह आयोजन शानदार और ऐतिहासिक साबित होगा, जिससे स्थानीय युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने का बड़ा अवसर मिलेगा। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खेलों को बढ़ावा दे रहे हैं और 2036 में भारत ओलंपिक की मेजबानी करेगा, इसलिए सभी युवा अभी से तैयारी कर लक्ष्य निर्धारित करें।

राष्ट्रीय फेंसिंग एसोसिएशन के महासचिव राजीव मेहता ने कहा कि यह प्रतियोगिता क्षेत्र और देश के युवाओं को बड़ा मंच देगी। इस चैम्पियनशिप में देशभर से लगभग 1400 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं, जिससे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के फेंसिंग खिलाड़ी तैयार होंगे।

इस अवसर पर ओलंपिक एसोसिएशन अध्यक्ष महेश नेगी, फेंसिंग एसोसिएशन उत्तराखंड अध्यक्ष सुरजीत सिंह ग्रोवर, डीपीएस प्रिंसिपल हरबंस सिंह ग्रोवर, विभिन्न अधिकारी, कोच, खिलाड़ी और अभिभावक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *